प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM-KISAN) क्या है?
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM-KISAN) भारत सरकार द्वारा दिसंबर 2018 में शुरू की गई एक केंद्रीय योजना है, जिसका उद्देश्य देश के छोटे और सीमांत किसान परिवारों को सीधी आर्थिक सहायता प्रदान करना है। इस योजना के तहत पात्र किसानों के बैंक खाते में सीधे राशि ट्रांसफर की जाती है, ताकि खेती से जुड़े खर्चों जैसे बीज, खाद, कीटनाशक आदि में उन्हें सहायता मिल सके।
योजना के मुख्य लाभ
- प्रति वर्ष कुल 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता
- यह राशि तीन समान किस्तों (2,000-2,000 रुपये) में दी जाती है
- राशि सीधे लाभार्थी के बैंक खाते में DBT (Direct Benefit Transfer) के माध्यम से भेजी जाती है
- बिचौलियों की कोई भूमिका नहीं, पूरी प्रक्रिया पारदर्शी व त्वरित है
पात्रता की शर्तें
सभी भूमिधारी किसान परिवार इस योजना के लिए पात्र हैं, हालांकि निम्नलिखित श्रेणियां इससे बाहर रखी गई हैं:
- आयकरदाता किसान परिवार
- संस्थागत भूमिधारक
- सरकारी कर्मचारी व पेंशनभोगी (कुछ श्रेणियों को छोड़कर)
- डॉक्टर, इंजीनियर, वकील जैसे पेशेवर जो अपने पेशे का अभ्यास करते हैं
आवेदन कैसे करें?
किसान भाई आधिकारिक वेबसाइट pmkisan.gov.in पर जाकर स्वयं ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं, या अपने नजदीकी ई-मित्र/CSC केंद्र से भी आवेदन करवा सकते हैं। आवेदन के लिए आधार कार्ड, बैंक खाता विवरण व भूमि संबंधी दस्तावेज आवश्यक होते हैं।
जरूरी दस्तावेज
- आधार कार्ड
- बैंक पासबुक (आधार से लिंक)
- भूमि के दस्तावेज (खतौनी / जमाबंदी)
- मोबाइल नंबर
किस्त की स्थिति कैसे जांचें?
लाभार्थी pmkisan.gov.in पर जाकर "Beneficiary Status" विकल्प में अपना आधार नंबर, मोबाइल नंबर या बैंक खाता संख्या डालकर अपनी किस्त की स्थिति स्वयं जांच सकते हैं।
ध्यान दें: योजना से जुड़ी नवीनतम जानकारी व स्टेटस चेक करने के लिए सदैव आधिकारिक वेबसाइट pmkisan.gov.in का ही उपयोग करें। किसी भी अनाधिकृत व्यक्ति या वेबसाइट को अपनी व्यक्तिगत जानकारी न दें।